जिला पंचायत अध्यक्ष ने प्राथमिक शाला छुलकारी में बाउंड्री वॉल निर्माण का किया भूमि पूजन
अनूपपुर :- ग्राम पंचायत कोलमी एवं ग्राम छूलकारी में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति रमेश सिंह के नेतृत्व में जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत वार्ड क्रमांक 5 के सदस्य भूपेंद्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष कांग्रेस रमेश सिंह, नरेंद्र सिंह (मुन्ना), राजन राठौर, करतार सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम छूलकारी से हुई, जहां ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं। जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने आमजनों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के निराकरण हेतु हर संभव प्रयास किया जाएगा और अधिकारियों को भी शीघ्र समाधान हेतु निर्देशित किया गया।
इसी अवसर पर प्राथमिक शाला छूलकारी में बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य का भूमि पूजन जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति सिंह एवं सदस्य भूपेंद्र सिंह के करकमलों से संपन्न हुआ। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि बाउंड्री वॉल निर्माण से विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
इसके पश्चात ग्राम पंचायत कोलमी में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति एवं प्रभावशीलता की समीक्षा की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे, यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि वे सदैव जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करने हेतु तत्पर रहे हैं और आगे भी जनता के विश्वास पर खरा उतरने का संकल्प लेकर कार्य करते रहेंगे।

