अमरकंटक वार्डो में विराजे श्रीगणेश , निरख रहीं भव्य झांकियां
चारों तरफ उत्सव की धूम,दर्शनार्थ उमड़ रहे श्रद्धालु दस दिवस उत्साह/उल्लास का पर्व है - पंडित सुरेश मिश्रा
श्रवण उपाध्याय
अमरकंटक :- मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में गणेश उत्सव की धूम देखने लायक है । नगर के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में श्रद्धालुओं ने आदि देव भगवान श्री गणेश की भव्य एवं आकर्षक प्रतिमाएँ स्थापित की हैं । रंग-बिरंगी लाइटों , फूलों की झालरों और कलात्मक मंडपों से सजे पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं ।
सुबह से ही गणपति बप्पा के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा हुआ है । जगह-जगह आरती , भजन , सांस्कृतिक कार्यक्रम और धार्मिक आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न होंगे । गणेश उत्सव समितियों द्वारा झांकियों का प्रदर्शन और प्रसाद वितरण भी पंडालों में करते है ।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस वर्ष गणेशोत्सव पहले से कहीं अधिक भव्य तरीके से मनाया जा रहा है । अमरकंटक के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुँच रहे हैं । नगर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था , साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए हैं , ताकि भक्तजन निर्बाध रूप से उत्सव का आनंद उठा सकें ।
पंडित सुरेश मिश्रा जी बताते है कि गणेश चतुर्थी पर्व दस दिनों तक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाता है उनके जन्मदिन पर आकर्षक झांकियां सजाई जाती है जो अनंत चतुर्दशी तक मना कर विसर्जन कर दिया जाता है । गणेश जी सभी गुणों के दाता है सुख , संबद्धि , शांति , मोक्ष , विद्या आदि के वे प्रदाता है ।

