46 वें दिन अमरकंटक पहुंची कांवरियों की सद्भावना पदयात्रा publicpravakt.com

 


46 वें दिन अमरकंटक पहुंची कांवरियों की सद्भावना  पदयात्रा


मृत्युंजय आश्रम में हरिहरानंद जी के साथ लोगों ने किया भव्य स्वागत्


 अमरकंटक :- सावन के पवित्र पुरुषोत्तम मास में गंगोत्री से रामेश्वरम् धाम की शुभ यात्रा पर निकले सात कांवरियों की यात्रा 46 वें दिन माता नर्मदा की उद्गम नगरी अमरकंटक पहुंची। यहाँ मृत्युंजय आश्रम में महामंडलेश्वर परमपूज्य स्वामी श्री हरिहरानंद जी महाराज के साथ अन्य लोगों ने कांवरियों का भावभीना स्वागत् किया। मध्यप्रदेश कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रामलाल रौतेल ( कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त ) , राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अजय दास,  जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज द्विवेदी, वरिष्ठ समाजसेवी योगेश दुबे,जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक उमेश पाण्डेय , पूर्व भाजपा जिला महामंत्री अजय शुक्ला, चंडीकांत झा, जय नरेश सिंह, देवेन्द्र पाण्डेय , रामचन्द्र चौहान के साथ अन्य लोगों की उपस्थिति में कांवरियों के यात्रा संयोजक डा मणिकांत झा ने बतलाया कि विश्व में शान्ति एवं सद्भाव बनाए रखने के उद्देश्य से सद्भावना यात्रा समिति, दरभंगा के सात सदस्यीय पैदल कांवर यात्री पिछले चार जून को गंगोत्री से कांवर में गंगाजल लेकर  पैदल यात्रा करते हुए हिंद महासागर और बंगाल की खाड़ी तट पर अवस्थित द्वादश ज्योतिर्लिंग में से एक रामेश्वरम शिवलिंग पर जलाभिषेक करने के लिए यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा के 46 वें दिन कांवर यात्रियों का ढोल नगाड़ों ,पुष्पवर्षा के साथ माल्यार्पण कर अमरकंटक मे पूर्ण आस्था के साथ स्वागत किया गया। 

आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर हो रही सद्भावना कांवर यात्रा में शामिल सभी सात कांवरियों का उत्साह  देखते ही बन रहा है। अब तक 1340 किलोमीटर पदयात्रा कर लेने के बावजूद औघडदानी भगवान शिव की कृपा से सभी काँवरिए प्रसन्न चित्त, स्वस्थ दिख रहे थे। उन्होने बताया कि संपूर्ण विश्व में शांति एवं सद्भावना की स्थापना के उद्देश्य से शुरू हुई इस अभूतपूर्व पैदल कांवर यात्रा के यात्रियों का जगह जगह भरपूर स्वागत किया जा रहा है। सद्भावना यात्रा समिति के संयोजक एवं भारत निर्वाचन आयोग के दरभंगा जिला आइकॉन सह मैथिली के वरिष्ठ साहित्यकार मणिकांत झा की अगुवाई में चल रही इस सद्भावना पैदल कांवर यात्रा में  हरिना, झंझारपुर, (मधुबनी) के चिरंजीव मिश्र, भीषम टोल, कछुआ, (दरभंगा) के श्याम राय, रतवारा, (मुजफ्फरपुर) के आशुतोष कुमार एवं रंजीत कुमार झा ,हरिनगर, सीतामढ़ी के सुदिष्ट ठाकुर, बलिया जिले के लालबचन राजभर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के गंगोत्री से यात्रा आरंभ कर पदयात्री उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना,आँध्र प्रदेश, तमिलनाडु के रामेश्वरम तक जाएँगे। यात्रा के क्रम में कांवर यात्री मिथिला की कला संस्कृति, सभ्यता और भाषा आदि को उन लोगों के बीच प्रचारित व प्रसारित करने के साथ ही वहाँ की कला-संस्कृति आदि से परिचित होंगे। 

  कांवरियों ने नर्मदा उद्गम मंदिर में माता के दर्शन ,पूजन करके मृत्युंजय आश्रम में परमपूज्य महाराज स्वामी हरिहरानंद सरस्वती जी से आशीर्वाद प्राप्त किया और आश्रम में रात्रि विश्राम कर गुरुवार की दोपहर छत्तीसगढ़ के लिये प्रस्थान कर गये। यहाँ यह विशेष उल्लेखनीय है कि कांवरियों के साथ एक सत्तर वर्षीय बुजुर्ग भी कांवर यात्रा कर रहे हैं। बतलाया गया है कि वो चौथी बार गंगोत्री से रामेश्वरम् की यात्रा कर रहे हैं। ये सभी कांवरिये यात्रा के दौरान एक वक्त स्वयं का पकाया हुआ भोजन ही प्राप्त करते हैं। एक दिन में लगभग 40 किमी की यात्रा करके रात्रि विश्राम किसी आश्रम, मन्दिर या सार्वजनिक स्थान पर करते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

MKRdezign

संपर्क फ़ॉर्म

नाम

ईमेल *

संदेश *

Blogger द्वारा संचालित.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget