कांग्रेस एक ऐसा दल जिसका सेवा, संघर्ष, त्याग और बलिदान का इतिहास है-फुन्देलाल सिंह मार्को publicpravakta.com

 


कांग्रेस एक ऐसा दल जिसका सेवा, संघर्ष, त्याग और बलिदान का इतिहास है-फुन्देलाल सिंह मार्को

अनूपपुर :- भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 137 वां स्थापना दिवस के अवसर पर सर लगन पैलेस में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आहूत कांग्रेस स्थापना दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया।इस अवसर पर काफी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित थे।जिला कांग्रेस अध्यक्ष फुन्देलाल सिंह मार्को ने इस अवसर पर कांग्रेस जनों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेश एक ऐसा दल है जिसका सेवा, संघर्ष,त्याग और बलिदान का इतिहास है।उन्होंने कहा कि 28 दिसम्बर 1885 को ए.ओ.ह्यूम की पहल पर बम्बई (अब मुंबई) के गोकुलदास संस्कृत कॉलेज मैदान में देश के विभिन्न प्रांतों के राजनीतिक एवं सामाजिक विचारधारा के लोग एक मंच पर एकत्रित हुए। यह राजनीतिक एकता एक संगठन में तब्दील हुई, जिसका नाम ‘कांग्रेस’ रखा गया।डब्ल्यू.सी.बनर्जी कांग्रेस के पहले अध्यक्ष बने।

उन्होंने अपने अध्यक्षीय भाषण में देश में सामाजिक सद्भाव का नया वातावरण तैयार करने पर जोर दिया। कांग्रेस एक दल ही नहीं बल्कि एक विचार और आंदोलन का नाम है, इसलिए 137 साल बाद भी इस विचार की यात्रा अनवरत जारी है।

सन् 1915 से 1947 तक की अवधि पर नजर डालें तो यह कांग्रेस का ‘गांधी युग’ रहा। महात्मा गांधी ने सत्याग्रह और जन आंदोलन के माध्यम से स्वाधीनता आंदोलन को जन मन का रूप दिया।महात्मा गांधी जी ने अहिंसा, सर्वधर्म समभाव और रचनात्मक कार्यक्रमों के द्वारा सामाजिक क्रांति की शुरुआत की। उनके नेतृत्व में न सिर्फ आजादी का आंदोलन अपने निर्णायक दौर में पहुंचा बल्कि कांग्रेस को व्यापक जनाधार प्राप्त हुआ।

सामाजिक न्याय की परिकल्पना पंडित जवाहरलाल नेहरू की थी, जिन्हें गांधी जी ‘भारत का जवाहर’ कहते थे। पंडित नेहरू ने स्वतंत्रता संग्राम में सामाजिक न्याय के प्रति अपनी तीव्र भावनाओं को शामिल किया। नेहरू जी ने भारत की आजादी की लड़ाई को साम्राज्यवाद के खिलाफ जारी वाले विश्वव्यापी संघर्ष से जोड़ा।

पंडित नेहरू ने सामाजिक समरसता को अमलीजामा पहनाकर ताजिंदगी समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति को तरक्की की धारा से जोड़ने का कार्य किया। नेहरू जी के बाद लालबहादुर शास्त्री ने सत्ता की बागडोर संभाली और अपने छोटे से कार्यकाल में ही सही, उन्होंने ‘जय जवान जय किसान’ के नारे से पूरे देश में ”श्रमेव जयते” का नया जोश भर दिया।

शास्त्री जी के बाद इंदिरा जी ने एक दूरदर्शी कुशल शिल्पी की भांति समाजवाद के आदर्शों को भारतीय नागरिकों के स्वभाव के अनुकूल ढालने एवं समाज में व्याप्त सामाजिक-आर्थिक असमानताओं को दूर करने का संकल्प व्यक्त कर उसे मूर्त रूप दिया। इंदिरा जी ने कांग्रेस संगठन को क्षमतावान और शक्तिशाली बनाया।

श्रीमती इंदिरा गांधी के बाद राजीव गांधी ने कांग्रेस का नेतृत्व संभाला। राजीव गांधी भारत के समग्र विकास के प्रति संकल्पबद्ध राजनेता थे। भारत को तेजी से तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने तमाम कदम उठाये। भारत का विकास ही उनका एजेंडा था और विकसित आधुनिक भारत उनका सपना था।

राजीव जी दुनिया से जल्दी विदा हो गए, लेकिन उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का बीड़ा श्रीमती सोनिया गांधी ने उठाया और उन्होंने गांधी जी, इंदिरा जी एवं राजीव जी की शहादत और राष्ट्र सेवा की उनकी विरासत को सहेजने-संवारने में स्वयं को समर्पित कर दिया। उनके असाधारण व्यक्तित्व के प्रभाव एवं असंख्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं के परिश्रम से केन्द्रीय सत्ता में कांग्रेस की 2004 में पुन: वापसी हुई।

सत्ता के शिखर पर पहुंचकर अपनी अंतरात्मा की आवाज पर प्रधानमंत्री का पद त्याग कर सोनिया जी ने भारतीय राजनीति में एक अनुपम उदाहरण पेश किया। 

किसी भी राजनीतिक पार्टी का इतिहास कुछ तिथियों और कुछ घटनाओं का संकलन मात्र नहीं होता बल्कि यह युग-निर्माणकारी घटनाओं का क्रमबद्ध वैज्ञानिक अभिलेख होता है। सन् 1969 में कांग्रेस का विघटन श्रीमती इंदिरा गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के शुद्धिकरण का महत्वपूर्ण अध्याय है। यह ऐसा दौर था जब देश में पुरातन और प्रतिगामी शक्तियों का आधुनिकता और प्रगतिशील शक्तियों से टकराव चल रहा था। इस अभियान में प्रगतिपक्ष का नेतृत्व श्रीमती इंदिरा गांधी ने किया और अंतत: प्रगतिपक्ष की जीत हुई।

इंदिरा जी ने यह महसूस किया कि गरीबी, बेरोजगारी और असमानता के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए कांग्रेस की कार्यप्रणाली बदली जाए। उन्होंने कांग्रेसजनों से आग्रह किया कि वे अपने काम करने का ढंग बदलें और खेतों, खलिहानों, कारखानों और मजदूरों में इस बात का अहसास हो कि कांग्रेस का समाजवाद के लिए किया जाने वाला संघर्ष उनके लिए उनका अपना संघर्ष है।

कांग्रेस ने अपने लम्बे इतिहास के दौरान काफी उतार-चढ़ाव देखे हैं। इसमें जय और पराजय दोनों का अनुभव लिए राजनीति की कठिन डगर तय की है। 1977-78 के दौरान कांग्रेस के कई बड़े दिग्गज इंदिरा जी का साथ छोड़कर सत्तारूढ़ जनता पार्टी में शामिल हो गये, लेकिन कांग्रेस के आम कार्यकर्ताओं का भरोसा इंदिराजी पर ही था।

2 जनवरी 1978 को इतिहास की पुनरावृत्ति हुई और कांग्रेस का पुन: विभाजन हुआ। श्रीमती इंदिरा गांधी ने दूरदर्शी कदम उठाते हुए नई पार्टी (कांग्रेस ई) बनाई और देश की जनता ने कांग्रेस ई को ही वास्तविक कांग्रेस मानकर इंदिरा जी के नेतृत्व में विश्वास प्रकट किया। इंदिरा जी ने कांग्रेस को आम आदमी की आशाओं और आकांक्षाओं से जोड़ कर पार्टी को नई शक्ति प्रदान की।

इन्हीं तत्वों के समन्वय से राजनीतिक दल की सक्रियता, दशा और दिशा निर्धारित होती है। किसी भी राजनीतिक दल में अनुशासित एवं प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं की आवश्यकता होती है। अनुशासन और समर्पण भाव के संस्कार ट्रेनिंग प्रोग्राम से ही आते हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने 1974 में कांग्रेस के संविधान में संशोधन कर प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का फैसला किया था।

स्वर्गीय राजीव गांधी जी ने भी फरवरी 1983 में भारतीय युवक कांग्रेस के तत्वावधान में विकास केन्द्र की स्थापना की थी, जिसके माध्यम से युवाओं के लिए ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू किया था। पार्टी को वक्त की जरूरत के हिसाब से कैसे ढाला जाए?

एवं कांग्रेस का जनाधार कैसे बढ़े? इस बात पर चिंतन कर कांग्रेस  वर्किंग कमेटी ने कार्यकर्ताओं में कांग्रेस पार्टी की विचारधारा के प्रचार-प्रसार के लिए ट्रेनिंग प्रोग्राम की आवश्यकता पर जोर दिया, जिसमें कांग्रेस पार्टी की नीतियां, सिद्धांत, समसामयिक मुद्दे तथा भविष्य के कार्यक्रम शामिल हों।

अपने स्थापना दिवस के अवसर पर कांग्रेस को अपने गौरवपूर्ण अतीत के सिंहावलोकन, वर्तमान में आत्मावलोचन और उज्ज्वल भविष्य के चिंतन की जरूरत है। आज ऐसी शक्तियां देश पर हावी हैं, जिनका लक्ष्य लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष भारत के बजाए कुछ और है और जो भारत के बहुलतावादी चरित्र को ही खत्म करना चाहती हैं। जबकि भारत विभिन्न धर्मो, संस्कृतियों, भाषाओं और समाजों का ऐसा सुंदर गुलदस्ता है, जिसमें एक साथ कई फूल खिलते हैं, कई रंग दमकते हैं।

हमें श्रीमती सोनिया गांधी जी तथा राहुल गांधी एवं श्रीमती प्रियंका गांधी के रूप में कांग्रेस के नेतृत्व पर गर्व है, जिनका संकल्प देशहित में सेवा-भाव से काम करना है। अडिग संकल्प, स्पष्ट दिशा और मजबूत इरादों के साथ वर्तमान परिस्थितियों में कांग्रेस को चुनौती के सामने खड़ा होना है, ताकि आने वाले समय में हमारी नीतियों, सिद्धांतों और कार्यक्रमों की वजह से समाज के सभी वर्गों का विश्वास और समर्थन कांग्रेस को हासिल हो।

कार्यक्रम के शुभारंभ में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष फुन्देलाल सिंह मार्को ने ध्वजारोहण किया।तत्पश्चात ध्वज गीत,राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का गायन किया गया।आयोजित कार्यक्रम में प्रमुख रुप से कांग्रेस जिला अध्यक्ष फुन्देलाल सिंह मार्को वरिष्ठ कांग्रेस नेता शंकर बाबू शर्मा,रमेश सिंह, मयंक त्रिपाठी, गुड्डू चौहान, रामखेलावन राठौर, आशुतोष सिंह मार्को,एहसान अली अंसारी,दीपक शुक्ला,संजय सोनी, राजीव सिंह, राघवेंद्र पटेल, सत्येंद्र दुबे पार्टी के स्थापना दिवस के कार्यक्रम में उपस्थित थे।इस अवसर पर कांग्रेस सेवा दल का 98 वा स्थापना दिवस भी मनाया गया।   

एक टिप्पणी भेजें

MKRdezign

संपर्क फ़ॉर्म

नाम

ईमेल *

संदेश *

Blogger द्वारा संचालित.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget