शिव मारुति युवा संगठन ने अब तक 570 गौवंश का किया उपचार
सामाजिक सेवा के साथ गौसेवा का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत कर रहे युवा*
अनूपपुर :- मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय में शिव मारुति युवा संगठन के कार्यकर्ता बीते तीन वर्षों से बिना किसी शासकीय मदद के गौवंश संरक्षण और सेवा का कार्य कर रहे हैं। संगठन के अध्यक्ष बृजेश राठौर के नेतृत्व में 30 से अधिक युवा कार्यकर्ता घायल एवं बीमार गौवंश की देखभाल कर रहे हैं। अब तक 570 गौवंश का उपचार कर उन्हें नई जिंदगी दी जा चुकी है।
संगठन की शुरुआत वर्ष 2023 में तब हुई जब नगर के कुछ युवाओं ने सामतपुर तिराहे के पास सड़क पर घायल अवस्था में पड़ी एक गाय को अपने निजी खर्च से उपचार दिलाया। धीरे-धीरे लोग जुड़ते गए और आज यह संस्था अनूपपुर में गौसेवा का बड़ा केंद्र बन गई है।
टीम ने घायल व बीमार पशुओं के लिए निजी गौशाला भी संचालित कर रखी है। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें स्वस्थ होने तक रखा जाता है और जरूरत पड़ने पर शहडोल की गौशालाओं में भेजा जाता है।
*सिर्फ गौसेवा ही नहीं, अन्य सामाजिक कार्य भी*
संगठन के सदस्य समाज सेवा में भी अग्रणी हैं। अब तक 250 पौधे लगाए, 123 मरीजों को रक्तदान किया, गौ रक्षा के लिए 1500 से अधिक रेडियम रिफ्लेक्टर बेल्ट बांटे और सर्दी में रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर खुले आसमान तले सो रहे 150 से अधिक मुसाफिरों को कंबल वितरित किए। गर्मी के मौसम में नगरभर में 400 से अधिक नाद (जलपात्र) भी रखे गए ताकि मवेशियों को पेयजल की समस्या न हो।
*बचत और समर्पण से चल रही सेवा*
अध्यक्ष बृजेश राठौर, उपाध्यक्ष राहुल अग्रहरि, सचिव इशाक केशरवानी, कोषाध्यक्ष प्रथमेश केशरवानी समेत प्रदीप सिंह, सुशील राठौर, मनीष राठौर, मनीष गौतम, शिवांशु रंजन, प्रवीण रजक, अंश गुप्ता, उत्कर्ष कोरी, विशाल अग्रहरि, राज रौतेल, बबलू नापित एवं विपुल गुप्ता जैसे युवा सदस्य अपनी मेहनत की कमाई से यह सेवा कार्य चला रहे हैं।
*दुर्घटना की सूचना मे तत्काल सक्रिय*
दुर्घटना की सूचना मिलते ही नजदीकी सदस्य तत्काल मौके पर पहुंच जाता है और फिर आपसी सहयोग से इलाज व देखभाल का जिम्मा उठाया जाता है। संगठन का कहना है कि यह कार्य आगे और व्यापक रूप ले रहा है क्योंकि निरंतर नए लोग सेवा की इस श्रंखला से जुड़ते जा रहे हैं।

